Next Story
Newszop

दुनिया की खबरें: ईरान ने कहा- हम परमाणु वार्ता के लिए तैयार हैं और थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हमले जारी

Send Push

ईरान के उप विदेश मंत्री काज़िम घरीबाबादी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है, लेकिन ऐसा तभी होगा जब वह विश्वास बहाली के लिए सार्थक कदम उठाएगा।

ईरान शुक्रवार को इस्तांबुल में ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी तथा यूरोपीय संघ के उप विदेश नीति आयुक्त के साथ बैठक करने वाला है। जून में ईरान और इजराइल के बीच 12 दिनों तक चले युद्ध के बाद यह पहली वार्ता होगी। इस युद्ध के दौरान अमेरिकी बमवर्षक विमानों ने ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था।

घरीबाबादी ने आज एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वार्ता में शामिल होने के लिए, ईरान ‘‘कई प्रमुख सिद्धांतों’’ को बनाए रखने की मांग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इनमें ‘‘ईरान का विश्वास फिर से बहाल करना, सैन्य कार्रवाई जैसे गुप्त एजेंडे के लिए वार्ता को एक मंच के रूप में इस्तेमाल करने से बचना, परमाणु अप्रसार संधि के तहत ईरान के अधिकारों का सम्मान और प्रतिबंधों को हटाना शामिल है।

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हमले जारी, दोनों पक्षों को भारी नुकसान

थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। सीमा के कई इलाकों में लगातार झड़पें जारी हैं। रिपोर्टों के अनुसार, कंबोडियाई सेना ने भारी हथियारों, फील्ड आर्टिलरी और बीएम-21 रॉकेट सिस्टम का इस्तेमाल करते हुए लगातार बमबारी की।

थाई सेना ने सामरिक स्थिति के अनुसार जवाबी कार्रवाई की और स्थानीय नागरिकों को झड़प वाले क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी जारी की। नेशनल ब्रॉडकास्टिंग सर्विसेज ऑफ थाईलैंड ने सुरिन प्रांत के एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से बताया कि शुक्रवार सुबह फिर से सीमा के पास तोपों की आवाजें सुनी गईं।

थाई स्वास्थ्य मंत्रालय के उप प्रवक्ता के अनुसार, गुरुवार रात 9 बजे तक थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर हुई सैन्य झड़पों में 14 थाई नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 46 अन्य घायल हुए हैं।

वहीं, कंबोडिया के ओडर मीनचे प्रांत के डिप्टी गवर्नर मेट मियास फेकदी ने शिन्हुआ को बताया कि गुरुवार को थाई गोलाबारी में एक कंबोडियाई नागरिक की मौत हो गई और 5 अन्य घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा, "सीमा के पास रहने वाले 2,900 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। शुक्रवार सुबह तक भी लड़ाई जारी है।"

कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय की अंडरसेक्रेटरी और प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेटा ने शुक्रवार सुबह एक प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि थाई सेना ने ओडर मीनचे और प्रीआह विहेयर प्रांतों में कई स्थानों पर भारी हथियारों, एफ-16 लड़ाकू विमानों और क्लस्टर बमों का उपयोग किया।

इस संघर्ष ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को भी चिंता में डाल दिया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों पक्षों से "अधिकतम संयम बरतने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने" की अपील की है।

कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने संयुक्त राष्ट्र में आपातकालीन सत्र बुलाया, जो शुक्रवार को न्यूयॉर्क में बंद दरवाजों के पीछे आयोजित हुआ।

थाईलैंड ने कंबोडिया से लगती सभी भूमि सीमाओं को सील कर दिया है और अपने नागरिकों को कंबोडिया छोड़ने की सलाह दी है। थाईलैंड की सभी सात एयरलाइनों ने थाई नागरिकों की वापसी में मदद करने की पेशकश की है।

इस संघर्ष का असर थाईलैंड की आंतरिक राजनीति पर भी पड़ रहा है। प्रधानमंत्री पेटोंगटर्न शिनावात्रा को 1 जुलाई को नैतिकता जांच के चलते निलंबित कर दिया गया था। अब कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई हालात की कमान संभाल रहे हैं। फुमथाम ने कंबोडिया को आक्रामकता से बाज आने की चेतावनी दी है।

कोल्डप्ले के संगीत समारोह में सीईओ के साथ नजर आई महिला एचआर प्रमुख ने इस्तीफा दिया

रॉक बैंड ‘कोल्डप्ले’ के संगीत कार्यक्रम के दौरान डाटा स्टार्टअप कंपनी ‘एस्ट्रोनोमर’ के सीईओ एंडी बायरन के साथ कैमरे में नजर आईं कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) विभाग की प्रमुख क्रिस्टीन कैबोट ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

कार्यक्रम के दौरान बायरन अपनी कंपनी के मानव संसाधन विभाग की प्रमुख कैबोट को अपनी बांहों में भरते हुए दिखाई दिये। इस हालिया घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बायरन और कबोट को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर मीम्स की बाढ़ आ गई है।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, कैबोट ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

सोलह अप्रैल को ‘कोल्डप्ले’ के संगीत कार्यक्रम के दौरान बायरन कैबोट को अपनी बांहों में भरते हुए दिखाई दिये।

कार्यक्रम को कवर कर रहे कैमरे ने जब बायरन की ओर जूम किया तो वह क्रिस्टीन को पीछे से पकड़ते नजर आये, लेकिन जैसे ही दोनों को कैमरे का अंदाजा हुआ क्रिस्टीन उनका हाथ छुड़ाकर अलग होते नजर आती हैं।

बायरन और क्रिस्टीन के इस कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने बायरन और क्रिस्टीन की आलोचना की और कहा कि दोनों ही अपने-अपने जीवनसाथी को धोखा दे रहे हैं।

बारिश का कहर: पाकिस्तान में 26 जून से अब तक 266 लोगों की मौत, 628 घायल

पाकिस्तान में जारी मूसलाधार बारिश से जुड़ी घटनाओं में 26 जून से अब तक कम से कम 266 लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें 126 बच्चे शामिल हैं, जबकि 628 अन्य घायल हुए हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने शुक्रवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में बारिश से संबंधित घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गयी है और 17 अन्य घायल हो गए हैं। कुल मृतकों में 94 पुरुष, 46 महिलाएं और 126 बच्चे शामिल हैं।

पंजाब प्रांत में सबसे अधिक 144 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद खैबर पख्तूनख्वा में 63, सिंध में 25, बलूचिस्तान में 16, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 10 और इस्लामाबाद में आठ लोगों की मौत हुई है।

भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ से संपत्ति और बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा है। पिछले 24 घंटे में 246 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और 38 पशुओं की मौत हुई है। मानसून की शुरुआत से अब तक 1,250 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और 366 पशु मारे गए हैं।

पंजाब में गवर्नर सरदार सलीम हैदर ने पिंडी भट्टियां में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और व्यापक विनाश की जानकारी दी।

तरबेला बांध से पानी छोड़ने के कारण सिंधु नदी के उफान पर होने से अटक के चच्छ में बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। चिनिओट में, चिनाब नदी में निचले स्तर पर बाढ़ आने की खबर है।

हरिपुर की खानपुर तहसील में भूस्खलन से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि हाली बाग कलाली में एक सड़क बड़े भूस्खलन के कारण दो दिन तक अवरुद्ध रही, जिससे राहत कार्यों में देरी हुई।

स्वात और आसपास के इलाकों में बारिश जारी रही, जबकि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में आठ लोगों की मौत हो गई और 10 से ज्यादा लोग लापता हो गए। तत्ता पानी के पास एक बड़े भूस्खलन की खबर है।

एनडीएमए ने कहा कि वह स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और प्रांतीय अधिकारियों के साथ बचाव एवं राहत कार्यों में समन्वय कर रहा है।

दक्षिण प्रशांत महासागर के समोआ द्वीप के पास आया 6.6 तीव्रता का भूकंप, कोई हताहत नहीं

दक्षिण प्रशांत महासागर के देश समोआ द्वीप के पास शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि समोआ की राजधानी आपिया से 440 किलोमीटर (273 मील) दक्षिण-पश्चिम में 314 किलोमीटर की गहराई पर भूकंप आया था।

‘समोआ ऑब्ज़र्वर’ समाचार वेबसाइट पर जारी खबर में बताया गया कि जेरेट मलिफा नामक कर्मचारी ने कहा कि भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान या किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है।

मलिफा की ओर से भेजे गए एक ईमेल में कहा गया कि समोआ मौसम सेवा ने पुष्टि की है कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

समोआ ‘‘रिंग ऑफ फायर’’ पर स्थित है। प्रशांत महासागर में स्थित ‘‘रिंग ऑफ फायर’’ में भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट की घटनाएं आम हैं।

Loving Newspoint? Download the app now