अगली ख़बर
Newszop

यह पाकिस्तान नहीं जहां शरिया कानून... बुर्का पहने मतदाताओं की जांच पर गिरिराज सिंह की खरी-खरी

Send Push
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव में पहले फेज का मतदान चल रहा। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी गुरुवार को अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान उन्होंने दो टूक कहा कि बुर्का पहने मतदाताओं की कड़ी जांच होनी चाहिए, ताकि वोटिंग में धांधली न हो सके। उन्होंने कहा कि ये पाकिस्तान या बांग्लादेश नहीं है। ये भारत है। भारत में शरिया कानून लागू नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष (सेक्युलर) देश है और चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक पहचान की जांच जरूरी है।

गिरिराज सिंह ने क्या कहा
गिरिराज सिंह ने वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह भारत है, यहां चुनाव आयोग के नियम लागू होते हैं, है ना? जब बुर्का पहने कोई महिला आधार कार्ड बनवाने जाती है, तो क्या वह अपना चेहरा नहीं दिखाती? जब वह एयरपोर्ट जाती है या कहीं रिजर्वेशन कराने जाती है, तो क्या वह चेहरा नहीं दिखाती? जब वह सरकारी योजनाओं का लाभ लेने जाती है, तो क्या वह चेहरा नहीं दिखाती?'




'क्या यह पाकिस्तान या बांग्लादेश है...'
बीजेपी के फायर ब्रांड नेता गिरिराज ने आगे कहा कि क्या यह पाकिस्तान या बांग्लादेश है, क्या यह इस्लामिक देश है या धर्मनिरपेक्ष देश? यह एक धर्मनिरपेक्ष देश है। अगर यहां वोटिंग के दौरान किसी पर भी शक होगा तो उन्हें अपना चेहरा दिखाने को कहा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने बिहार चुनाव के दौरान बुर्के में फर्जी मतदान का पता लगाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के इस्तेमाल पर जोर दिया। इस कदम का उद्देश्य पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सद्भाव और विकास सुनिश्चित करना है।



गिरिराज के बयान पर क्या बोले चिराग
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर चिराग पासवान ने रिएक्ट किया है। केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि यह बेवजह हिंदू-मुस्लिम मुद्दा बनाने की कोशिश है। उन्होंने बिहार में मतदाताओं से वोट डालने और लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेने की अपील की।


चिराग ने कहा कि मैं सभी से अपील करता हूं कि वे अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करें। मुझे उम्मीद है कि बिहार में पहले चरण में रिकॉर्ड वोटिंग होगी। राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर चिराग पासवान ने कहा कि अगर कांग्रेस को अपने दावों पर इतना भरोसा है, तो उन्हें कोर्ट जाना चाहिए, न कि चुनाव आयोग की प्रक्रियाओं पर सवाल उठाना चाहिए।


कांग्रेस पर चिराग पासवान का पलटवार
चिराग ने कहा कि कांग्रेस वोटिंग में गड़बड़ी या शिकायतें उठा रही। इस पर इलेक्शन कमीशन अगर कुछ कदम उठाता है, फिर भी उनको समस्या है। अगर उन्हें अपने पास मौजूद जानकारी पर इतना भरोसा है, तो उन्हें अदालत जाना चाहिए। बिहार में गुरुवार को पहले चरण का मतदान जारी है।

बिहार में फर्स्ट फेज के लिए 121 सीटों पर वोटिंग
बिहार चुनाव में पहले फेज को लेकर 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से अधिकतर 36,733 ग्रामीण इलाकों में हैं। पहले चरण में 3.75 करोड़ से ज्यादा मतदाता 1,314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें