देश-दुनिया के इतिहास में 25 जून की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। भारत के इतिहास में साल 1975 की यह तारीख काले अध्याय के रूप में चस्पा है। इसी साल 12 जून को इलाहाबाद हाई कोर्ट के तत्कालीन जस्टिस जगमोहन लाल सिन्हा पर देशभर की निगाह टिकी थी। जस्टिस सिन्हा इंदिरा गांधी बनाम राजनारायण मामले में अपना फैसला सुनाने वाले थे। यह मामला साल 1971 के चुनाव से जुड़ा था। इस चुनाव में इंदिरा गांधी ने रायबरेली से राजनारायण को हराया था। हारने के बाद राजनारायण ने चुनाव नतीजे को कोर्ट में चुनौती दी। राजनारायण ने इंदिरा पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग, चुनाव में घोटाले और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। मांग की थी कि चुनाव रद्द किया जाए।
सुबह करीब 10 बजे जस्टिस सिन्हा अपने चैंबर से कोर्ट रूम पहुंचे और फैसला सुनाना शुरू किया। फैसले में उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को चुनाव में धांधली का दोषी करार दिया। इसके बाद चुनाव रद्द कर दिया। साथ ही जस्टिस सिन्हा ने यह भी कहा कि आने वाले छह साल तक इंदिरा चुनाव नहीं लड़ सकेंगी। ऐसा पहली बार हुआ कि भारत के प्रधानमंत्री का चुनाव ही रद्द कर दिया गया।
यहीं से किस्सा कुर्सी की शुरुआत होती है। इस फैसले से इंदिरा गांधी भीतर तक हिल गईं। इंदिरा गांधी किसी भी कीमत पर प्रधानमंत्री की कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं थीं। उन्होंने हाई कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने का फैसला किया। 23 जून को इंदिरा गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में इस फैसले को रोकने के लिए याचिका दायर की। अगले ही दिन तत्कालीन जस्टिस वीआर कृष्णा अय्यर ने याचिका पर सुनवाई करते हुए फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि वे हाई कोर्ट के फैसले पर पूरी तरह रोक नहीं लगाएंगे, लेकिन इंदिरा प्रधानमंत्री पद पर बनीं रह सकती हैं। साथ ही ये भी कहा कि इस दौरान वे संसद की कार्यवाही में भाग तो ले सकती हैं, लेकिन वोट नहीं कर सकेंगी।
सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन इंदिरा गांधी को यह नाकाफी लगी। इंदिरा गांधी के पास यह विकल्प था कि वे किसी और को प्रधानमंत्री बना सकती थीं। कहा जाता है कि संजय गांधी इस बात के लिए राजी नहीं थे। एक तरफ इंदिरा गांधी को कोर्ट से राहत नहीं मिली, दूसरी तरफ लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में पूरा विपक्ष सड़कों पर उतर कर इंदिरा के इस्तीफे की मांग करने लगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद तो विपक्ष और आक्रामक हो गया। 24 जून को फैसला आया और 25 जून को जयप्रकाश नारायण ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली का आयोजन किया। इस रैली में लाखों लोग पहुंचे। जयप्रकाश नारायण (जेपी) ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता का अंश पढ़- ‘सिंहासन खाली करो कि जनता आती है’। जेपी ने इंदिरा गांधी को स्वार्थी और महात्मा गांधी के आदर्शों से भटका हुआ बताते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की।
इंदिरा गांधी अब चौतरफा घिर चुकी थीं। इधर जेपी की रैली खत्म हुई और उधर इंदिरा गांधी राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। 25-26 जून की दरमियानी रात को तत्कालीन राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद से इंदिरा गांधी ने आपातकाल (इमरजेंसी) के आदेश पर दस्तखत करा लिए। 26 जून सुबह 6 बजे कैबिनेट की आपातकालीन बैठक बुलाई गई। अभी तक देश को इस फैसले की भनक तक नहीं थी। इंदिरा गांधी ने यह फैसला लेने से पहले अपने मंत्रिमंडल से सलाह तक नहीं ली।
करीब आधे घंटे चली कैबिनेट बैठक के बाद इंदिरा गांधी ने आकाशवाणी पर देश में इमरजेंसी लगाने की घोषणा की। इसके साथ ही स्वतंत्र भारत के इतिहास के सबसे बुरे दौर की शुरुआत हो गई। विपक्षी नेताओं समेत कांग्रेस के बागी नेताओं को भी जेल में डाल दिया गया। प्रेस पर पाबंदी लगा दी गई। नागरिकों के सारे अधिकार छीन लिए गए और देश में लोकतंत्र खत्म हो गया। अगले दिन देश में अखबार नहीं छप पाए, क्योंकि सरकार ने अखबार के दफ्तरों की बिजली काट दी थी। जो अखबार छप रहे थे, उन पर सख्त पाबंदी लगा दी गई। अखबारों में क्या छपेगा और क्या नहीं, इसके लिए सरकार ने अखबारों के दफ्तर में अफसरों को तैनात कर दिया।
इमरजेंसी के दौरान इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय गांधी ने नसबंदी अभियान चलाया, जिसमें पकड़-पकड़कर लोगों की नसबंदी की गई। लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया। पूरा देश एक बड़ी जेल बन गया। इस दौरान इंदिरा गांधी ने नए-नए कानून लाकर संविधान को कमजोर करने की कोशिश भी की। इस भयावह त्रासदी को पूरा देश 21 महीनों तक झेलता रहा। जनवरी 1977 में घोषणा की गई कि 16 मार्च को देश में चुनाव होंगे। देश में चुनाव हुए और इंदिरा गांधी को जनता ने सबक सिखाया। इंदिरा और संजय गांधी दोनों चुनाव हार गए। इसके बाद 21 मार्च, 1977 को आपातकाल खत्म हो गया, लेकिन यह देश का सबसे काला समय साबित हुआ। इसकी टीस लोगों के दिलों में आज भी जिंदा है।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1529: मुगल शासक बाबर बंगाल पर विजय प्राप्त कर अपनी राजधानी आगरा लौटा।
1788: वर्जीनिया अमेरिका का संविधान अपनाने वाला 10वां राज्य बना।
1941: फिनलैंड ने सोवियत संघ पर हमले की घोषणा की।
1947: एन फ्रैंक की ‘डायरी ऑफ ए यंग गर्ल’ का प्रकाशन। इसकी करोड़ों प्रतियां बिकीं और इसका 67 भाषाओं में अनुवाद किया गया।
1950: उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच गृह युद्ध शुरू। इसने आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय शीत युद्ध का रूप ले लिया।
1975: इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की सलाह पर राष्ट्रपति फखरुद्दीन अली अहमद ने देश में आपातकाल लगाने की घोषणा की।आपातकाल की बरसी 25 जून को देश में काला दिवस के रूप में मनाया जाता है।
1998ः अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बिल क्लिंटन नौ दिन की यात्रा पर चीन पहुंचे।
1999ः अमेरीका ने युगोस्लावियाई राष्ट्रपति स्लोबोदान मिलोसेविच की गिरफ्तारी की सूचना देने पर 50 लाख डालर के इनाम की घोषणा की।
2002ः अफगानिस्तान में नए मंत्रिमंडल ने शपथ ग्रहण किया।
2004ः रूस ने भारत के साथ रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने का निर्णय किया।
2005: ईरान के राष्ट्रपति चुनाव में अति कट्टरपंथी माने जाने वाले महमूद अहमदी नेजाद की जीत।
2017ः श्रीकान्त ने ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीता।
जन्म
1900ः भारत के अंतिम वाइसराय लॉर्ड माउंटबेटन।
1908ः उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी।
1924ः फिल्म संगीत निर्देशक मदन मोहन।
1931ः भारत के पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह।
1957ः सरायकेला छऊ नृत्य के अग्रणी नर्तक गोपाल प्रसाद दुबे।
1961ः प्रसिद्ध हास्य अभिनेता सतीश शाह।
1974: अभिनेत्री करिश्मा कपूर।
निधन
2003ः सिंगापुर के शीर्ष वकील और भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्य आर. पाल कृष्णन।
2009ः राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री शिव चरण माथुर।
2009: पाश्चात्य संगीत और नृत्य की नई परिभाषा लिखने वाले माइकल जैक्सन।
2019ः गोवा की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मोहन रानाडे।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
You may also like
भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच में खिलाड़ियों ने काली पट्टी बांधकर दी श्रद्धांजलि
नेपोटिज्म पर शीन दास का बयान, 'मैं भी चाहती हूं कि मेरे अपने सफल हों, मगर…'
किंग ऑफ पॉप : दुनिया को 'मूनवॉक' का जादू दिखाने वाले माइकल, रिसर्चर्स भी रहे हैरान
इस सिंगल वीडियो में मिलेगी कुंभलगढ़ किले की यात्रा की पूरी गाइड, जानें घूमने का सही समय, एंट्री फीस और दर्शनीय स्थल
इस सिंगल वीडियो में मिलेगी कुंभलगढ़ किले की यात्रा की पूरी गाइड, जानें घूमने का सही समय, एंट्री फीस और दर्शनीय स्थल